लोकल न्यूज़

प्रेम प्रसंग में प्रेमी-प्रेमिका का हथौड़े से कुच कुच कर हुई हत्या

प्रेम प्रसंग में हत्या

केसरिया, पू.च। थाना क्षेत्र के त्रिलोकवा में गुरुवार की देर रात ऑनर किलिंग की घटना घटित हुई है। जहाँ एक युवक ने अपनी बहन व उसके प्रेमी की हथौड़े से कूच-कूच कर हत्या कर दी है। उसके बाद आरोपी युवक ने पुलिस को कॉल कर घटना की सूचना दी।

मृतक रघुनाथपुर वार्ड आठ के माया भगत का पुत्र विकास कुमार (25) व मृतका त्रिलोकवा वार्ड चार के अजय साह की पुत्री प्रिया कुमारी (20) बतायी जाती है। सूचना पर चकिया डीएसपी सत्येन्द्र कुमार सिंह, केसरिया थानाध्यक्ष उदय कुमार, एसआई रामशरण पासवान, एसआई बादशाह चौहान सहित अन्य घटनास्थल पर पहुँच मामले की जानकारी ली। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही आरोपी युवक अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि विकास व प्रिया का विगत कई माह से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लड़की के घरवाले विकास को कई बार मना भी किये थे। लेकिन विकास मानने को तैयार नहीं था। गुरुवार की देर रात भी विकास प्रिया के घर आ धमका। जिसके बाद प्रिया का छोटा भाई अमन दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। उसके बाद वाद-विवाद के क्रम में अमन ने विकास पर हथौड़ा से वार कर दिया। बीच बचाव करने आयी प्रिया पर भी आक्रामक हो गया। इस घटना में दोनों प्रेमी-प्रेमिका की घटनास्थल पर मौत हो गई।
*मृतक विकास कुमार का रहा है आपराधिक चरित्र*

मृतक विकास कुमार आपराधिक चरित्र का व्यक्ति था। 13 मार्च 2023 को हुई रघुनाथपुर के रविरंजन कुमार उर्फ खुशी की हत्या मामले में विकास आरोपित था। इस मामले में वह कारावास में रहकर आया था। वहीं आर्म्स एक्ट, बाइक लूटकांड सहित अन्य कई मामलों में वह आरोपित था। अपराध की दुनिया में वह अपना पैर पसार रहा था। विकास अपराध के बल पर आसपास के इलाकों में अपने नाम का खौफ बनाना चाहता था। इसी के बल पर उसकी प्रिया से भी दोस्ती हुई। यह दोस्ती प्रेम में तब्दील हो गई। जिसके बाद विकास अपने प्रेमिका के घर चोरी-छिपे आने-जाने लगा। इस बात से लड़की के स्वजन नाराज थे। प्रेमिका के घर वाले इस बात को विकास के परिवार को कई बार बताये। लेकिन उसका चाल-चलन नहीं बदला।ग्रामीणों की मानें तो विकास इस बात को लेकर प्रिया के स्वजन को कई बार धमकी भी दिया था।
*मृतका प्रिया तीन बहन में दूसरी नम्बर पर थी*
मृतका प्रिया तीन बहन में दूसरे नम्बर पर थी। वह विगत वर्ष इंटर की परीक्षा पास की थी। हत्यारोपी अमन तीन बहनों का इकलौता भाई है। वह इस वर्ष इंटर की परीक्षा उतीर्ण किया है। बड़ी बहन की शादी विगत दो वर्ष पूर्व हो गई है। वहीं छोटी बहन वर्ग नौ की छात्रा है। पिता अजय साह बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। जानकारी है कि घटना की रात अमन घर के मुख्य द्वार स्थित बरामदे में सोया था। उसी के बगल के कमरे में अमन के माता-पिता थे। वहीं प्रिया दूसरे कमरे में सोयी थी। विकास के आंगन की ओर से घर में प्रवेश करने की बात बतायी जा रही है। जब अमन शौच के लिए जगा तो अपनी बहन के कमरे में विकास को देखा। इसके बाद दोनों में वाद-विवाद शुरू हो गई। इसी बीच अमन ने विकास पर हथौड़े से वार कर मौत के घाट उतार दिया। वहीं बचाव करने आयी प्रिया को भी मौत की नींद सुला दिया। जानकारी के अनुसार घटना के बाद विकास के टीम के कुछ लड़के प्रिया के घर के आसपास मंडराने लगे। कोई दूसरी अनहोनी न हो इसको देखते हुए अमन ने स्वयं से पुलिस को कॉल कर घटना की सूचना दी। तुरंत पहुँची पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। इधर, घटनास्थल व उसके आसपास सन्नाटा पसरा हुआ है।
*प्रेमी प्रेमिका हत्याकांड मामले में पुलिस सक्रिय*

त्रिलोकवा में हुए प्रेमी-प्रेमिका हत्याकांड मामले में पुलिस सक्रिय हो गई है। डीएसपी सत्येन्द्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष उदय कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुँच बारीकी से जाँच शुरू कर दी है। वहीं एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुँच फॉरेंसिक जाँच को लेकर नमूने साथ ले गई है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!