
केसरिया, पू.च। कला संस्कृति एवं युवा विभाग, पर्यटन विभाग, शिक्षा विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय केसरिया महोत्सव का गुरुवार को आगाज हुआ। जिसका उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री सह सूबे के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, बेतिया सांसद डॉ संजय जायसवाल, विधान पार्षद प्रो वीरेंद्र नारायण यादव, डीएम सौरभ जोरवाल, विधायक शालिनी मिश्रा सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बौद्ध भंते द्वारा बौद्ध स्तुति की गई। बौद्ध स्तुति के बाद डीएम सौरभ जोरवाल ने स्वागत भाषण दिया। सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का यह प्रयास रहेगा कि केसरिया की आधारभूत संरचना और पर्यटन को और बढ़ावा मिले। मुख्यमंत्री ने अपनी यात्रा के दौरान जिले के विकास के लिए जो घोषणाएं की है उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केसरिया महोत्सव को वर्ष 2007 में मुख्यमंत्री ने राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया। प्रयास किया जा रहा है कि इस महोत्सव का आयोजन राजगीर महोत्सव की तरह और ऊंचे स्तर पर किया जाय। प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से बौद्ध स्तूप का विकास तेजी से किया जा रहा है।
*एनडीए ने हीं केसरिया पर विशेष ध्यान दिया : संजय*
बेतिया सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि एनडीए ने हीं केसरिया पर विशेष ध्यान दिया है। अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने हाजीपुर-सुगौली रेललाइन की सौगात दी। वर्ष 2026 तक इस रेललाईन पर परिचालन शुरू हो जाएगा। केसरिया के लोग 2026 में इस रेलमार्ग से सफर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बेतिया-पटना एक्सप्रेस-वे के लिए सम्पूर्ण राशि आवंटित कर दी गई है। यह एक्सप्रेस-वे बन जाने से पटना जाने में कम समय लगेगा।