कार्यपालक सहायकों को ग्रेड पे देने के लिए मुख्यमंत्री को दिया अनुरोध पत्र
नियोजित शिक्षकों की तरह ग्रेड पे देने की कर रहे हैं मांग
अरेराज, पू०च०। बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ पूर्वी चम्पारण के जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार के द्वारा कार्यपालक सहायकों को ग्रेड पे का लाभ देने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिलाध्यक्ष श्री कुमार ने मुख्यमंत्री सचिवालय को अनुरोध पत्र दिया है। दिए गए अनुरोध पत्र में श्री कुमार ने कहा है कि बिहार राज्य में संविदा पर बहाल कार्यपालक सहायकों के समकक्ष बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के ज्ञापांक -1298 दिनांक 02/08/2024 के निहित प्रावधान के तहत ग्रेड पे का लाभ दिया गया है। वही हमारे पड़ोसी राज्य झारखंड सरकार के ज्ञापांक – 2248 दिनांक 27/09/2024 के आलोक में संविदा कर्मी को ग्रेड पे का लाभ दिया जा रहा है। अपने अनुरोध पत्र में श्री कुमार ने कहा है कि कार्यपालक सहायक लगभग 14 वर्षों से लगातार बिहार को सशक्ति एवं डिजिटल बिहार बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत के आरटीपीएस से लेकर प्रखंड, अंचल, थाना, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण, अनुमंडल कार्यालय, जिला से लेकर सचिवालय तक कार्यपालक सहायक लगभग बीस हजार की संख्या में कार्यरत हैं। सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को जन-जन तक पंहुचाने एवं विभाग द्वारा आवंटित कार्य को ससमय निष्पादित करने का काम करते आ रहे हैं। इसलिए बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले कार्यपालक सहायकों को नियोजित शिक्षकों के तर्ज पर ग्रेड पे का लाभ दिया जाए। बता दें कि जिलाध्यक्ष श्री कुमार के द्वारा कई विधायकों से लेकर विधान परिषद सदस्य को निवेदन पत्र देकर कार्यपालक सहायकों के लिए ग्रेड पे देने की मांग करने के लिए सदन में आवाज उठाने के लिए अनुरोध किया गया था। जिसको लेकर गोविंदगंज विधायक सुनील मणि तिवारी, केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा, पिपरा विधायक श्याम बाबू प्रसाद यादव, चनपटिया विधायक उमाकांत सिंह एवं विधान परिषद सदस्य महेश्वर सिंह के द्वारा सदन में आवाज उठाया गया है। जिलाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश की जा रही है। सचिवालय से मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए आग्रह किया जा रहा है। उनसे मुलाकात कार्यपालक सहायकों की समस्या से उन्हें अवगत कराया जाएगा।