बर्खास्त जवान बोला-CRPF को पाकिस्तानी पत्नी की जानकारी दी थी:वीजा और परमिशन लेटर मिलने में देरी के चलते ऑनलाइन शादी की
पाकिस्तानी महिला से शादी के बात छिपाने के आरोप में CRPF की नौकरी से हटाए दिए मुनीर अहमद ने अपनी सफाई दी है।
ANI को दिए इंटरव्यू में उसने कहा- 2022 में विभाग से शादी की परमिशन मांगी थी, लेकिन देरी हुई। इसके बाद 24 मई 2024 को पाकिस्तानी मीनल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शादी की।
मुनीर ने कहा- शादी की बात अधिकारियों को भी बताई थी। उन्हें सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स भी दिए थे। जिसमें शादी का कार्ड, शादी की जगह और पत्नी के वीजा से जुड़ी जानकारी थी।
दरअसल, 3 मई 2025 को CRPF ने मुनीर अहमद को नौकरी से बर्खास्त किया। CRPF ने कहा था- मुनीर ने पाकिस्तानी महिला से शादी की बात छिपाई, गैरकानूनी तरीके से उसे भारत में बिना वीजा के रखा, ये नेशनल सिक्योरिटी के खिलाफ है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का कहा गया था। 30 अप्रैल को मीनल को भी अटारी बॉर्डर ले जाया गया था, लेकिन कानूनी हस्तक्षेप के बाद उसके डिपोर्टेशन पर रोक लगाई गई थी।
मुनीर अहमद का पूरा बयान…
मीनल मेरे मामा की बेटी है। भारत-पाक विभाजन से पहले मेरा और उसका परिवार जम्मू-कश्मीर में ही रहते थे। वर्तमान में मीनल की फैमिली पाकिस्तान के सियालकोट में रहती है। हम दोनों का रिश्ता बचपन में ही तय हो गया था।
31 दिसंबर 2022 को मैंने शादी की परमिशन से जुड़ा लेटर अधिकारियों को लिखा था। 24 जनवरी 2023 को अधिकारियों ने कुछ आपत्तियों के साथ मेरा लेटर वापस किया, जिसमें शादी का कार्ड, शादी कहां होगी जैसी जानकारियां मांगी गईं।
इसके बाद मैंने सुंदरबन में मौजूद CRPF की 72वीं बटालियन में शादी का कार्ड सहित दूसरी जानकारी जोड़कर लेटर वापस भेजा। कमांडेंट साहब से भी मुलाकात की थी।
मेरा लेटर DIG जम्मू रेंज, CRPF रेंज आईजी, J&K जोन SDG, CRPF दिल्ली तक गया। करीब 5 महीने बाद मुझे रिप्लाई आया। जिसमें लिखकर दिया गया कि ‘प्रार्थी ने विभाग को सूचित किया है’।
मेरे पिता कैंसर पेशेंट हैं, दूसरी तरफ विभाग का लेटर मिलने में देरी हो रही थी, मीनल को भी वीजा नहीं मिल रहा था। इसके चलते दोनों परिवारों ने 24 मई 2024 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हमारी शादी कराई गई।
करीब 9-10 महीने बाद मीनल को भारत का विजिट वीजा मिला। 28 फरवरी 2025 को वो भारत आई थी। इसकी जानकारी मैंने विभाग को दी थी। डिप्टी कमांडेंट को भी बताया था।
शादी के पहले और शादी के बाद भी मैंने मीनल और शादी से जुड़ी पूरी जानकारी विभाग दी थी। शादी की तस्वीरें, शादी का कार्ड भी दिया था। समय-समय पर विभाग को इन्फॉर्म भी किया था।
विजिट वीजा मिलने के 15 दिन के भीतर ही लॉन्ग टर्म वीजा के लिए अप्लाई करना होता है। हमने वो अप्लाई किया। इस दौरान LTV के लिए हमारी फील्ड वेरिफिकेशन कराई गई।
13 मार्च को FRO जम्मू में इंटरव्यू हुआ। वहां कहा कि गया इसे आगे बढ़ाया जा रहा है। मीनल LTV में भारत में स्टे कर सकती है।
मीनल ने कहा था- हम निर्दोष हैं, आतंक से कोई संबंध नहीं मीनल को 30 अप्रैल को पाकिस्तान डिपोर्ट के लिए ले जाया जा रहा था। उस वक्त मीनल ने कहा था- हम सब लोग आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं, लेकिन निर्दोष लोगों को सजा देना कहां का न्याय है।
उसने कहा था कि मैंने वीजा बढ़ाने के लिए समय पर आवेदन किया था। हमें बताया गया था कि मंजूरी मिल जाएगी, लेकिन अब हम पति-पत्नी को अलग किया जा रहा है। कई बच्चों को मां-बाप से अलग किया जा रहा है। यह अमानवीय है।
मीनल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार भी लगाई थी और कहा था कि आतंकवाद के नाम पर निर्दोष लोगों को सजा देना ठीक नहीं है।